top of page

पश्चिमी विद्वत्ता इतिहास और साहित्य के मामले में अभिलेखों की ग़ुलाम है।

Writer: Madhav Hada
Madhav Hada
5 days ago
13 min read

देशकाल । 5 नवंबर, 2026

भारतीय भक्ति चेतना: पहचान, व्याप्ति और वर्गीकरण का पुनरवलोकन, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली



प्रश्न: भारत में भक्ति आंदोलन पर इतिहास और साहित्य में ख़ूब लिखा गया है। आपको  उसके पुनरवलोकन की ज़रूरत क्यों लगी?  


उत्तर: फिलहाल, उसकी ज़रूरत सबसे अधिक है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लगभग एक पूरी सदी बीत जाने के बाद भी हम अभी तक इस सम्बन्ध में लकीर ही पीट रहे हैं। भारतीय भक्ति-चेतना के जानने-समझने की शुरुआत उपनिवेशकाल में अंग्रेज़ अधिकारियों और ईसाई पादरियों ने की। उन्होंने यूरोपीय इतिहास को ध्यान में रखकर इसको रिवोल्यूशन, मूवमेंट, रिनेशाँ आदि नाम दे दिए। भारतीय भक्ति-चेतना के सम्बन्ध में हिंदी में प्रचलित आंदोलन, पुनर्जागरण, लोकजागरण और क्रांति जैसे शब्द अंग्रेज़ी के जिन शब्दों के हिंदी रूपांतर हैं, वे भारतीय भक्ति-चेतना की पहचान, व्याप्ति, निरतरता और वैविध्य के लिए सर्वथा अपर्याप्त और असंगत शब्द हैं। ज्ञात रूप में बीस-पच्चीस शताब्दियों के विस्तार में देशव्यापी इस चेतना को यूरोपीय सांस्कृतिक बोध में पले-बढ़े ख़ास प्रकार के निहितार्थ वाले इन शब्दों में सीमित कर देना युक्तिसंगत नहीं है। इन धारणाओं का अब पुनरलोकन होना चाहिए।


प्रश्न : भारतीय भक्ति-चेतना की इस तरह की पहचान बनाने के पीछे औपनिवेशिक ज्ञानमीमांसा की क्या मंशा रही होगी?


उत्तर: औपनिवेशिक ज्ञानमीमांसा का कोई सरलीकरण नहीं होना चाहिए, लेकिन इतना तो कहा ही जा सकता है कि इसके अधिकांश यूरोपीय विद्वान् भक्ति-चेतना और उसके साहित्य को इसलिए जानना-समझना चाहते थे कि यहाँ अपने साम्राज्य की निरन्तरता सुनिश्चित कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार कर सकें। यह उद्देश्य गोपन नहीं था- इन विद्वानों ने बार-बार अपने इस उद्देश्य को सार्वजनिक रूप से ज़ाहिर भी किया। राममनोहर लोहिया ने एक जगह कहा था कि पिछले एक हज़ार साल से भारतीय लेखन एक विचित्र प्रकार के अन्तरराष्ट्रीय इतिहासकारों के हाथ में रहा है। रिश्ता से विन्सेंट स्मिथ तक इतिहास के इन अन्तरराष्ट्रीय क्रीड़ा-छोकरों की लम्बी वंशावली है। उन्होंने तथ्यों को चुना। उसमें उनका लक्ष्य था। उनका लक्ष्य था विदेशी शासन को मजबूत करना। आरम्भिक भारतीय मनीषा में भी ज़्यादातर इन ‘अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा छोकरों’ की परजीवी संतानें थीं, इसलिए भक्ति-चेतना और इसके साहित्य से सम्बन्धित यूरोपीय विद्वानों की धारणाएँ इसमें भी मान्य हो गईं। आज़ादी के बाद इसी भारतीय मनीषा ने अकादमिक और बौद्धिक विमर्श की बुनियाद रखी, इसलिए उनकी धारणाएँ भक्ति साहित्यिक विमर्श का प्रस्थान बन गईं। किताब में ऐसी कुछ धारणाओं की प्रत्याख्यान है।


प्रश्न : कई औपनिवेशिक विद्वानों ने बहुत मनोयोग से भारत जानने-समझने का काम किया। भारतीय भक्ति चेतना के सम्बन्ध में उनके नज़रिये में क्या ग़लत है?


उत्तर : यह सही है कि उपनिवेशकाल के दौरान कई विद्वानों ने भारतीय इतिहास और साहित्य पर बहुत महत्त्वपूर्ण और मानक कार्य किए, लेकिन हम यह भ्होल जाते हैं कि प्रजातीय श्रेष्ठता का भाव कमोबेश इन सभी में था। उनको यह भ्रांति थी कि भारत या विश्व में कहीं भी कुछ अच्छा है, वह सब उनकी देन है। उपनिवेशकालीन भक्ति ज्ञानमीमांसा में एक तो प्रजातीय श्रेष्ठता का भाव था, दूसरे, इसकी सक्रियता में साम्राज्यवादी स्वार्थ अंतर्निहित थे और तीसरे, इससे सम्बन्धित कई विद्वानों पर चर्च से सम्बन्धित होने के कारण ईसाइयत का गहरा प्रभाव था। औपनिवेशिक ज्ञानमीमांसा की भक्ति साहित्य की पहचान और मूल्यांकन में इन तीनों बातों का गहरा प्रभाव है। औपनिवेशिक विद्वानों ने आग्रहपूर्वक भक्ति-चेतना की भारतीय सामाजिक गतिशीलता से सीधे सम्बद्धता की अनदेखी की और इसको विचित्र, रहस्यमय और रोमांचकारी तत्त्वों तक सीमित कर दिया। इनमें से अधिकांश ने आग्रहपूर्वक भारतीय भक्ति-चेतना की तुलना ईसाइयत और इस्लाम से की और इसको उनसे प्रभावित या उनसे उत्पन्न सिद्ध कर किया। औपनिवेशिक ज्ञानमीमांसा की भक्ति और उसके साहित्य से सम्बन्धित अधिकांश स्थापनाएँ आधारहीन और पूर्वग्रह से युक्त थीं, लेकिन इसके वैदुष्य का भारतीय विद्वत्ता पर प्रभाव ऐसा था कि इनका प्रतिवाद नहीं हुआ। हिंदी में अकादमिक भक्ति साहित्यिक विमर्श की बुनियाद रामचंद्र शुक्ल ने रखी, जिनकी भक्ति साहित्य संबंधी धारणाएँ कमोबेश औपनिवेशिक भक्ति ज्ञानमीमांसा का ही विस्तार है। उन्होंने अपने इतिहास में औपनिवेशक भक्तिमीमांसा की स्थापनाओं का कहीं भी प्रतिवाद नहीं किया। बहुत बाद में, रामधारीसिंह दिनकर और आचार्य हज़ारीप्रसाद द्विवेदी ने इन स्थापनाओं के प्रतिवाद की शुरुआत की।


प्रश्न: भारतीय भक्ति-चेतना पर इस तरह से विचार क्या पुनरुत्थानवाद नहीं है?


उत्तर : नहीं, यह पुनरुत्थानवाद नहीं है। यह अलग बात है कि जिन्होंने पहले से मान रखा है कि अतीत का ठीक से रख-रखाव पुनरुत्थावाद है, उनको ऐसा ही लगेगा। हमारे यहाँ, और ख़ास तौर पर हिंदी में, कुछ भी मानकर, फिर उस पर क़ायम रहना और पुरजोर ढंग से उसका आग्रह करने का चलन बहुत पुराना है। हाँ, ख़तरा तो है। यह पुनरवलोकन है। पाठ और अलोचना में यह तो तय होता है कि जिस ज़मीन पर आप खड़े हैं उसका स्वामित्व आपका है, लेकिन पुनरवलोकन में हमेशा ऐसा नहीं होता। पुनरवलोकन में प्रतिवाद अन्तर्निहित है और प्रतिवाद में यह ख़तरा रहता है कि आप अपनी ज़मीन छोड़कर सामनेवाली की ज़मीन पर जा बैठते हैं। हमारे कई बड़े मनीषियों के साथ ऐसा हुआ है कि तर्क तो उनका अपना है, लेकिन जिस ज़मीन पर खड़े होकर यह दिया जा रहा है, वह ज़मीन उनकी अपनी नहीं है। साफ़ है कि फिर आपका दिया हुआ तर्क भी आपका नहीं है। यहाँ कोशिश यह है कि खड़ा अपनी ज़मीन पर रहा जाए और तर्क भी उसके अनुसार अपना ही गढ़ा जाए। आग्रहपूर्वक की गई इस कोशिश में कुछ लोगों को पुनरुत्थान की गंध आएगी, लेकिन इसे ‘सुनियोजित झूठ’ का शिकार बनने के विरुद्ध जद्दोजहद समझी जाए, तो अच्छा लगेगा।


प्रश्न : यह कहा जाता है कि भक्ति की उत्पत्ति दक्षिण में हुई और रामानन्द इसे उत्तर में लाए। क्या यह सही है?


उत्तर : यह तो सही है कि आरंभ में भक्ति की चेतना में त्वरा और वेग उत्तर की तुलना में दक्षिण में ज़्यादा थे, लेकिन यह धारणा कि भक्ति की उत्पत्ति दक्षिण हुई और रामानन्द इसे उत्तर भारत में लाए, पूरी तरह सही नहीं है। “भक्ति द्रविड़ ऊपजी, लाये रामानन्द” यह कथन ऐसा है, जो मध्यकालीन भक्ति-चेतना के पूर्वरूपों से अपरिचित सन्त-समाज में प्रचलन में आ गया और अब अकादमिक और बौद्धिक विमर्श में भी मान्य हो गया है। यह कुछ हद तक भक्ति-चेतना की भारतीय चित्त में प्राग्वैदिककाल से निरन्तरता और देशव्यापी मौजूदगी का सरलीकरण है। यह पंक्ति प्रचलन में उस दौर में आई होगी, जब दक्षिण में देश के और क्षेत्रों की तुलना में भक्ति-चेतना में त्वरा और गति अधिक रही होगी। भक्ति की चेतना का उत्तर और दक्षिण में विभाजन युक्तिसंगत नहीं है। यह सही है कि भक्ति का प्रपत्ति में रूपान्तरण उत्तर की तुलना में दक्षिण अधिक तेज़ था, लेकिन यह सर्वथा आकस्मिक नहीं था। इस रूपान्तरण में उत्तर और दक्षिण में सदियों से सक्रिय भक्ति के पूर्वरूपों का समाहार हुआ है। रामानन्ददक्षिण से आए थे और वहाँ वे रामानुजीय परंपरा से सम्बन्धित भी थे, लेकिन वे रामानुजीय भक्ति को उत्तर में लाए, यह कुछ हद सरलीकरण है। एक तो रामानन्द के समय रामानुजीय भक्ति-चेतना का भी काफ़ी सरलीकरण हो चुका था और दूसरे, उनके पहले ही कई उत्तर भारतीय सन्त-भक्तों की रचनाओं में यह प्रवाहमान् थी। यही नहीं, पहले से मौजूद कुछ भक्तिरूपों के साथ अन्तःक्रिया और संवाद के बाद रूपान्तरण से बने इसके कई रूप उत्तर भारत में मौजूद थे। रामानन्दके सभी शिष्यों की भक्ति-चेतना अलग-अलग इसी कारण से है। दक्षिण और उत्तर की भक्ति-चेतना का विकास और निर्मितियाँ अलग-अलग हैं, यह धारणा भी निराधार है। मध्यकाल में आवागमन और संचार के साधन कम थे, इसलिए किसी चेतना के प्रसार और आत्मसातीकरण में समय लगता था, इसलिए सीमित समय-विस्तार में भक्ति-चेतना के रूप अलग-अलग दिखाई पड़ते हैं। “भक्ति द्रविड़ ऊपजी, लाये रामानन्द”- यह उक्ति भी कदाचित् इसीलिए चलन में आई। भक्ति प्राग्वैदिककाल से भारतीय चित में बदल-बदल कर कई रूपों में हमेशा मौजूद रही है। यह दक्षिण से उत्तर में आई और रामानन्द इस उत्तर में लाए, इस धारणा को इसके वाच्यार्थ में नहीं समझा जाना चाहिए। यह देशव्यापी भक्ति-चेतना में चलनेवाली निरंतर अंतःक्रिया और संवाद के केवल एक रूप का सरलीकरण भर है।


प्रश्न : कुछ विद्वान उत्तर भारत में भक्ति की शुरुआत नामदेव से मानते है। क्या ऐसा माना जा सकता है?


उत्तर : नामदेव भारतीय भक्ति-चेतना के इतिहास में बहुत महत्त्वपूर्ण व्यक्तित्व है। पन्द्रहवीं-सोलहवीं सदी के अधिकांश सन्त-भक्तों ने उनको अपने पूर्वज सन्त की तरह स्मरण किया है। फिर भी, उनसे कोई शुरुआत मानना सरलीकरण होगा। नामदेव वारकरी सम्प्रदाय से सम्बन्धित थे, लेकिन इस सम्प्रदाय में भी भक्ति की शुरुआत का श्रेय ज्ञानदेव को दिया गया है। बहिणाबाई ने अपने एक बहुत विख्यात अभंग में कहा है कि “संतों की कृपा हुई / भक्ति का यह भवन हुआ फलदायक / ज्ञानदेव ने इसकी रखी इसकी नींव / उन्होंने खड़ा किया देवालय / नामा बने इसके सेवक / उन्होंने बनाया इस भवन का प्रांगण / जनार्दन स्वामी के शिष्य थे एकनाथ महाराज / उन्होंने इसमें लगाया 'भागवत' रूपी खंभा / तुकाराम महाराज बने इस मंदिर के 'कलश' / अब तुम निश्चिंत होकर करो भजन / कहती है बहिणाबाई / अब इस मंदिर पर फहरा रही है भक्ति की ध्वजा / मैंने इस मंदिर का / उचित रीति से दिया है विवरण।” भक्ति के सम्बन्ध में देश में इतना वैविध्य है कि इसमें यहाँ से शुरु हुई या यहाँ खत्म हुई जैसे निष्कर्ष निकालना युक्तिसंगत नहीं है।


प्रश्न:  भारत में भक्ति-चेतना के समय, विस्तार और उसकी प्रकृति को लेकर कई वर्गीकरण और विभाजन हैं। क्या इनका पुनरवलोकन इस किताब में है?


उत्तर : हाँ, किताब में इनके औचित्य पर विस्तार विचार किया गया । अब इसकी ज़रूरत भी है। भारत में भक्ति की चेतना और उससे सम्बन्धित साहित्यिक सक्रियता प्राग्वैदिककाल से निरंतर है। ख़ास बात यह है कि इसमें कभी कोई व्यवधान या विच्छेद नहीं आया। यह अवश्य है कि समय और स्थान की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक ज़रूरतों के तहत इसके रूप निरंतर बदलते रहे हैं। भक्ति-चेतना और साहित्य की पहचान और इसका वर्गीकरण और विभाजन की शुरुआत उपनिवेशकाल में हुई। यूरोपीय विद्वानों ने इसकी निरंतरता और वैविध्य को समझे बिना कुछ यूरोपीय धारणाओं को इसके इतिहास पर चस्पा कर दिया। इस आधार पर हुए वर्गीकरण और विभाजन बाद में भारतीय विद्वत्ता में भी मान्य हो गए और अब ये भारतीय भक्ति-चेतना उसके साहित्य को समझने में अंतर्बाधाएँ बन गए हैं। सगुण-निर्गुण के बीच भारतीय परंपरा में निरंतर आवाजाही थी और इनमें कोई बहुत स्प्ष्ट विभाजन नहीं था, इतिहास में इसका विभाजन करने वाले रामचंद्र शुक्ल भी इस तथ्य से अवगत थे, लेकिन यह विभाजन चल निकला और धीरे-धीरे रूढ़ि बन गया। इतिहास का प्राचीन, मध्यकालीन और आधुनिक में विभाजन उपनिवेशकालीन विद्वानों ने उपनिवेशों में अपनी मौजूदगी के आधार पर किया था। वे अपनी मौजूदगी को उपनिवेशों में आधुनिककाल की शुरुआत मानते थे। यह विभाजन भक्ति साहित्यिक सक्रियता पर लागू कर दिया गया। ग्रियर्सन ने यूरोपीय पुनर्जागरण को पंद्रहवीं-सोलहवीं सदी की भक्ति-चेतना और उसके साहित्य पर आरोपित कर दिया। उन्होंने इसको ‘बिजली की कौंध’ की तरह विस्फोटक कहकर इसके पहले के साहित्य में चारण और बाद के साहित्य में रीति की प्रवृत्ति को सर्वोपरि मान लिया। रामचन्द्र शुक्ल ने इतिहास की यही ढाँचा लिया, जो आगे चलकर रूढ़ हो गया। भक्ति की चेतना उनके विभाजित आदिकाल और वीरगाथाकाल में भी थी, लेकिन वीरगाथाओं की सर्वोपरिता के उनके आग्रह इसको गौण कर दिया। भक्ति की चेतना उससे सम्बन्धित साहित्यिक सक्रियता उत्तरमध्यकाल या कथित रीतिकाल में निरन्तर और प्रमुख थी, लेकिन ‘अन्य’ की श्रेणी में आकर यह अनदेखी रह गई। उत्तरमध्यकाल में भक्ति-चेतना के कई नए मत-सम्प्रदाय अस्तित्व में आए, इनका संस्थानीकरण और विकेंद्रीकरण हुआ, लेकिन ‘अन्य’ की श्रेणी में होने के कारण इनका यथोचित मूल्यांकन नहीं हुआ। कुछ रीति कवियों के यहाँ भक्ति आनुषंगिक प्रवृत्ति थी, लेकिन विभाजन के कारण उसकी पहचान भी ‘रीति कविता’ मानकर ही हुई।


प्रश्न : भारत में सदियों से भक्ति की एकाधिक परम्पराएँ हैं। इनका साथ-साथ विकास कैसे हुआ होगा ?


उत्तर : भारतीय भक्ति-चेतना में एकाधिक परम्पराएँ रही हैं, लेकिन इनमें सदियों से पारस्परिकता का सम्बन्ध भी रहा है। भक्ति-चेतना का विकास और व्यापक प्रसार इसके विभिन्न रूपों में अंतःक्रियाओं से हुआ। भारत में सांस्कृतिक वैविध्य बहुत है, इसलिए भक्ति-चेतना का प्रसार भी इस वैविध्य के अनुसार हुआ। वैदिक-पौराणिक, बौद्ध, सिद्ध-नाथ, लोकायत, भागवत और पंचरात्र धर्म और इस्लाम-सूफ़ी भक्ति परंपराओं में परस्पर अंतःक्रियाओं से धर्म और भक्ति के नये रूप समाने आए। धर्म और भक्ति-चेतना ने क्षेत्र विशेष की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक ज़रूरतों के अनुसार भी अपने को रूपान्तरित कर नए रूप धारण कर लिए। पंजाब में सिख, महाराष्ट्र में वारकरी, छत्तीसगढ में सत्तनामी और दक्षिण में वीरशैव जैसे प्रभावशाली मत-सम्प्रदाय इसी तरह अस्तित्व में आए। भक्ति का कोई रूप निरन्तर एकरूप कभी नहीं रहा। यह जिस क्षेत्र में गया, वहाँ पहले से मौजूद धर्म और भक्ति के रूपों के साथ अन्तःक्रिया से बदल गया। ओड़िशा में पंचसखा, बंगाल में बाउल और उतरी-पश्चिमी भारत में शुक (चरणदासी) सम्प्रदाय इसी तरह बने-बदले। भक्ति का कोई रूप कभी ख़त्म नहीं हुआ- अन्तःक्रियाओं से इसका नया रूप बन गया, लेकिन इसक पहलेवाला रूप भी ज़ारी रहा। राजस्थान में प्रचलित बिश्नोई और जसनाथी सम्प्रदायों में स्थानीय वैष्णव परम्पराओं के साथ अतःक्रियाओं के बावजूद सदियों से गोरखनाथ की परम्पराएँ भी जीवित हैं।


प्रश्न : भारत में सांस्कृतिक वैविध्य बहुत है। यहाँ धार्मिक विश्वास और उनसे सम्बन्धित मत-मतान्तर एक-दूसरे से भिन्न प्रकार के रहे हैं। भक्ति में इनकी मौजूदगी किस तरह से है?


उत्तर : यह सही है कि धार्मिक विश्वास हमारे यहाँ सदियों से निजी मामला रहा है और यह हमारी विशेषता भी है। हमारी धर्म परम्पराएँ  इसकी स्वतंत्रता देती हैं। स्वतंत्रता हमेशा बहुवचन में चरितार्थ होती है। भक्ति-चेतना और उसका अधिकांश साहित्य स्वतंत्रचेता सन्त-भक्तों का सहित्य है, इसलिए यह अपनी प्रकृति में ही बहुवचन है। भारतीय सांस्कृतिक बोध, चर्च के अनुशासन में विकसित एकरूप सांस्कृतिक बोध से अलग है। उसमें आस्था-विश्वास और विचार की स्वतंत्रता है, इसलिए यह सांस्कृतिक बोध एकरूप होने की जगह विविध और बहुवचन है। बहुत आरंभ में यहाँ धर्म और भक्ति की बुनियाद ही बहुदेववाद के विचार पर रखी गई। यह विचार आगे जाकर पल्लवित और विस्तृत होता गया। यहाँ धर्म और भक्ति के विचार का संस्थानीकरण भी हुआ, लेकिन यह हमेशा बहुकेन्द्रिक रहा। सम्प्रदायों और मत-मतान्तरों में  प्रतिरोध, पृथक्करण और आत्मसातीकरण की प्रक्रियाएँ चलती रहीं और इनसे नए सम्प्रदाय और मत-मतान्तर अस्तित्व में आते रहे। सन्त-भक्तों की निर्भरता शास्त्र पर कम, लोक के श्रुत और स्मृत पर ज़्यादा थी, इसलिए उनका अपना स्वर भी हमेशा बहुवचन बना रहा। उन्होंने परंपरा से प्राप्त और अपने समय में प्रचलित सभी भक्तिरूपों को आत्मसात किया। भारतीय भक्ति-चेतना के साहित्य में दीर्घकालीन समय-विस्तार और क्षेत्रीय वैविध्य के कारण काव्यरूप और छंदों के व्यवहार भी हमेशा बहुवचन बना रहा। सन्त-भक्तों ने अपनी परम्पराओं से प्राप्त काव्यरूपों के साथ लोक में उसकी ख़ास सांस्कृतिक ज़रूरतों के साथ विकसित कई नए काव्यरूपों को भी अपनाया।


प्रश्न : यह माना जाता है कि भक्ति साहित्य लोकोत्तर चिन्ताओं का साहित्य और इसका पार्थिव से सम्बन्ध बहुत कम है। आपका इस सम्बन्ध क्या आकलन है?


उत्तर : यह धारणा निराधार है कि भक्ति-साहित्य केवल लोकोत्तर सरोकारों और चिंता का साहित्य है। यह सही है इस साहित्य में लोकोत्तर की चिंता है, लेकिन यह लोकोत्तर पार्थिव और लोक का ही विस्तार है। रवीन्द्रनाथ ठाकुर नें सही कहा है कि “और यह कहाँ से आएगा?” पार्थिव लोक इसके कई रूपों में बहुत सघन है, लेकिन यह इसमें उदात्तीकृत होकर आता है, इसलिए कभी-कभी लोकोत्तर जैसा लगता है। भक्ति साहित्य के कुछ रूपों में पार्थिव की चिन्ता समाज की आलोचना के रूप है। सन्त-भक्तों ने जीवन को कठिन और जटिल बनाने वाली सामाजिक रूढ़ियों और निरर्थक बाह्याचारों की खुलकर आलोचना की है। यह भक्ति साहित्य में सिद्धों से शुरू हुई प्राचीन परम्परा है। कुछ सन्त-भक्तों के यहाँ पार्थिव लोक की चिंता अन्याय, उत्पीड़न और भेदभाव से मुक्त संसार की कल्पना या युटोपिया के रूप में भी है। भक्ति साहित्य के कई रूपों में गुरु को ईश्वर के बराबर और कभी-कभी उससे बड़ा माना गया है। यह भी एक तरह से ईश्वर के बराबर पार्थिव मनुष्य की महिमा का विस्तार और प्रतिष्ठा है। भक्ति साहित्य में ईश्वर सभी रूपों में ईश्वर केवल लोकोत्तर अस्तित्व नहीं है। इसके कुछ रूपों में वह मनुष्य जैसा ही मित्र और सखा है। उसके साथ सन्त-भक्तों के साथ संवाद और व्यवहार में मनुष्य और मनुष्य के बीच के सभी द्वंद्व और तनाव भी आए हैं।


प्रश्न : भक्ति की पहुँच और प्रभाव देशव्यापी है। यह कैसे हुआ?


उत्तर : यह भक्ति के देशभाषाओं में होने से सम्भव हुआ। देशभाषाओं में होने के कारण भक्ति की नागरिकता का दायरा बहुत बढ़ गया। भक्ति आरंभ से ही देशभाषाओं में ही थी। यह अलग बात है कि उसका सैद्धान्तिकरण संस्कृत में हुआ। भारतीय भक्ति-चेतना के व्यापक प्रसार का देशभाषाओं से बहुत गहरा सम्बन्ध है। अकसर भक्ति-चेतना संबंधी साहित्य की पहचान और मूल्यांकन में इन भाषाओं के महत्त्व, इनकी ख़ास प्रकृति और इनके क्षेत्रीय रूपों की एक-दूसरे से संबद्धता पर बहुत कम विचार हुआ है। संस्कृत के बराबर भक्ति की भाषा के रूप में देशभाषाओं का प्रयोग बहुत पहले शुरू हो गया था। भक्ति की भाषा के रूप में देशभाषाओं के प्रयोग से भक्ति की नागरिकता का दायरा बहुत बडा हुआ और ये भाषाएँ संस्कृत के देवभाषा होने दावे के बरक्स अपने छोटी होने के हीनता-बोध से बाहर आ गईं। भक्ति की भाषाओं की पहचान महत्त्व पर विचार तब शुरू हुआ, जब औपनिवेशिक भाषायी वर्ग़ीकरण और विभाजन भारतीय विद्वत्ता की समझ और विवेक का हिस्सा बन चुका था। औपनिवेशक भाषायी वर्गीकरण और विभाजन यह मानकर हुआ कि भारत में कई भाषाएँ और बोलियाँ हैं और ये एक-दूसरे से बहुत अलग हैं, जब कि वस्तुस्थिति इससे अलग है- भारतीय भाषाएँ एक-दूसरे जुड़ी हुई हैं और वे इस तरह से अलग नहीं हैं, जिस तरह से इनके अलगाव को प्रचारित किया गया है। सन्त-भक्तों की भाषा पर बाद में जितना भी विचार हुआ, दुर्भाग्य से यह इस औपनिवेशिक भाषायी वर्गीकरण और विभाजन की स्मृति और संस्कार के साथ हुआ। संतों-भक्तों ने अपनी भाषा की कोई पहचान नहीं बताई, इसको लेकर वे सचेत भी नहीं थे और उन्होंने अपनी भाषा को कोई नाम भी नहीं दिया, लेकिन औपनिवेशिक भाषायी भाषायी वर्गीकरण और विभाजन से प्रभावित विद्वत्ता ने इसकी शुरुआत की। उसने सन्त-भक्तों के जन्मस्थान और क्षेत्र के आधार पर उनकी भाषा के रूप तय किए। उसने इनका अलग-अलग नामकरण किया और इस तरह सन्त-भक्तों की भाषा को औपनिवेशक भाषायी पहचानों- पंजाबी, राजस्थानी, ब्रज गुजराती, ओड़िया, बाँग्ला, असमी आदि में सीमित कर दिया। उसने इन भाषाओं की सीमाएँ तय कीं और जब यह इन सीमाएँ में नहीं आईं, तो उसने इनको मिश्रित- सधुक्कड़ी, पंचमेल खिचड़ी जैसे नाम दिए। सन्त-भक्तों की भाषा सधुक्कड़ी, पंचमेल खिचड़ी आदि नहीं है, यह वह भाषा या भाख़ा है, जिसका व्यवहार अपने-अपने क्षेत्रीय वैशिष्ट्य के साथ कमोबेश मध्यकाल के लगभग सन्त-भक्त कर रहे थे।


प्रश्न : भारतीय भक्ति-चेतना के आकलन-मूल्यांकन में पश्चिमी विद्वत्ता की भूमिका को आप कैसे देखते है?


उत्तर: पश्चिमी विद्वत्ता की भारतीय भक्ति-चेतना और उसके साहित्य में दिलचस्पी सदियों से है और गत कुछ दशकों में इसका विस्तार हुआ है। नयी पश्चिमी विद्वत्ता के आग्रह भी कमोबेश वही हैं, जो औपनिवेशक ज्ञानमीमांसा के थे। यह भक्ति-चेतना और उसके साहित्य की पहचान और मूल्यांकन अभी भी प्रामाणिकता का अभाव, मिथों और जनश्रुतियों पर निर्भरता और भारतीय समाज की जड़ता और अज्ञान जैसे मानक इस्तेमाल कर रही है। यही कारण है कि उसे भारतीय भक्ति-चेतना और उसके साहित्य में हर जगह साज़िश, हाथ की सफ़ाई, साम्प्रदायिक, जातीय, धार्मिक और राष्ट्रीय ‘एप्रोप्रिएशन’ दिखाई पड़ते हैं। यह विद्वत्ता छिद्रान्वेषण की हद तक जाकर आग्रहपूर्वक यही सब खोजती है। अनुकूलीकरण या ‘एप्रोप्रिएशन’ साज़िश या हाथ की सफाई नहीं है, यह किसी भी समाज सांस्कृतिक बोध में निरंतर चलनेवाली प्रक्रियाएँ हैं। भारतीय समाज, धर्म और भक्ति बहुकेंद्रिक हैं, इसलिए इन प्रक्रियाओं की इनमें व्यापकता और निरन्तरता बहुत स्वाभाविक है। यूरोप के सांस्कृतिक अनुभव में चर्च की केंद्रीयता के कारण वैविध्य नहीं है, इसलिए इसमें अनुकूलीकरण भी एक ही दिशा में होता है, जबकि भारत यह वैविध्य के कारण कई दिशाओं में होता है। सांस्कृतिक बोध की जड़ें परम्पराओं में होती हैं। उनको जाने-समझे बिना पश्चिमी विद्वत्ता ने कई भ्रामक निष्कर्ष निकाल लिए हैं। भारतीय साहित्य में विरह की मौजूदगी कई रूपों में है। भक्ति और उसके साहित्य में भी यह निरंतर है। पश्चिमी विद्वत्ता ने इसको भारतीय समाज के ढाँचागत लैंगिक असन्तुलन से जोड़ दिया है, जो ग़लत है। भारतीय सांस्कृतिक बोध में मौखिक का श्रुत-स्मृत का बहुत महत्त्व है। पश्चिमी विद्वत्ता ने पांडुलिपीय प्रमाण का अपने आग्रह से सन्त-भक्तों की सदियों से श्रुत-स्मृत में जीवंत रचनाओं को संदिग्ध कर दिया है। मीरां, कबीर, सूरदास आदि सन्त-भक्तों की सदियों से प्रचलित रचनाएँ इस कारण केवल ‘कुछ’ में सीमित हो गई हैं। औपनिवेशिक विद्वत्ता की तरह पश्चिमी विद्वत्ता को भारतीय सन्त-भक्तों की ऐतिहासिकता पर संदेह है। देशज भक्ति साहित्यिक विमर्श और लोकस्मृति में मीरां, कबीर, सूरदास आदि सन्त-भक्त कवि सदियों से हैं। वासुदेवशरण अग्रवाल ने कभी कहा था कि हम अतीत का व्यवहार वर्तमान की तरह करते हैं। हमारी अतीत परम्पराएँ  निरंतर जीवंत भी हैं, लेकिन पश्चिमी विद्वत्ता को इन पर भरोसा नहीं है। पश्चिमी विद्वत्ता इतिहास और साहित्य के मामले में अभिलेखों की ग़ुलाम है। हमारे सन्त-भक्त और उनका साहित्य सामूहिक स्मृति में है, लेकिन पश्चिमी विद्वत्ता के लिए उसका कोई मूल्य नहीं है। भारतीय विद्वत्ता में अभी भी एक वर्ग ऐसा है, जो औपनिवेशिक संस्कार के कारण पश्चिमी विद्वत्ता के कहे को प्रमाण की तरह मानता-बरतता है।

 

 

 

 

 

 

 

                                                                                         

 
 
 

Comments


© 2016 by Madhav Hada

  • Facebook Clean Grey
  • Twitter Clean Grey
bottom of page